बकरीद पर शांति और सौहार्द का संदेश, सुल्तानपुर घोष थाने में जुटे जनप्रतिनिधि व धर्मगुरु
– बकरीद को शांतिपूर्ण बनाने के लिए प्रशासन अलर्ट, संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर
FATEHPUR NEWS: आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और भाईचारे के माहौल में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से सुल्तानपुर घोष थाना परिसर में पीस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन के साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं, ग्राम प्रधानों, व्यापारियों एवं संभ्रांत नागरिकों ने भाग लेकर पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए सुल्तानपुर घोष थाना प्रभारी निरीक्षक तेज बहादुर सिंह चंदेल ने कहा कि बकरीद प्रेम, त्याग, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। उन्होंने लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। साथ ही स्पष्ट चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने, भड़काऊ पोस्ट साझा करने अथवा कानून व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ उपनिरीक्षक जयप्रकाश सिंह ने उपस्थित लोगों से आपसी सद्भाव बनाए रखने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि, विवाद अथवा अफवाह की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे। बैठक के दौरान मौजूद जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं एवं नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाते हुए बकरीद पर्व को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन की ओर से आश्वस्त किया गया कि पर्व के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखी जाएगी तथा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी की जाएगी। इस अवसर पर उपनिरीक्षक उमेंद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक आनंद वर्मा, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, ग्राम प्रधान वीरेंद्र मौर्य, ग्राम प्रधान मोहम्मद कफील, मोहम्मद उमर, नदीम अहमद, व्यापार मंडल अध्यक्ष मुन्ना सिंह गौतम, डॉ. सुधीर यादव, मो. युसूफ सहित क्षेत्रीय पत्रकार और आधा सैकड़ा से अधिक लोग मौजूद रहे।







