एनएचआई के सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दिए दुर्घटनाओं से बचाव के टिप्स
FATEHPUR NEWS: ऐरायां विकास खंड के कोड़ारवर गांव स्थित प्रेमादेवी इंटर कॉलेज में शुक्रवार को एनएचआई की ओर से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वर्टिस इन्फ्रास्ट्रक्चर के सीएसआर प्रबंधक एवं सड़क सुरक्षा अधिकारी फिरोज खान ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं से बचाव के महत्वपूर्ण उपायों की जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फिरोज खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल वाहन चालकों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक को यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सड़क पार करते समय विशेष सावधानी बरतने, सड़क के दोनों ओर देखकर आगे बढ़ने तथा निर्धारित स्थान से ही सड़क पार करने की सलाह दी। उन्होंने जेब्रा क्रॉसिंग के महत्व को समझाते हुए कहा कि सड़क पार करते समय जल्दबाजी दुर्घटना का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों को बताया गया कि सड़क पार करने से पहले रुककर दाएं-बाएं देखकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कोई वाहन न आ रहा हो। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व पर भी जोर देते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन कर सड़क दुर्घटनाओं में काफी हद तक कमी लाई जा सकती है। फिरोज खान ने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने माता-पिता, परिजनों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बच्चों के माध्यम से सड़क सुरक्षा का संदेश प्रत्येक परिवार तक पहुंचाया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में सड़क सुरक्षा को लेकर उत्साह और जागरूकता देखने को मिली। विद्यालय प्रशासन ने एनएचआई की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों को बचपन से ही यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाना बेहद जरूरी है। इससे उनमें जिम्मेदारी की भावना विकसित होगी और वे भविष्य में सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य सर्वजीत पटेल, सहायक वरिष्ठ अध्यापक लल्लन, लालमन, अशोक कुमार, अरविंद कुमार, संदीप कुमार मौर्य, संदीप श्रीवास्तव, मिथलेश अवस्थी, सुरजी देवी, नीशू देवी, पूजा देवी और अनामिका देवी सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।







