Home उत्तर प्रदेश प्रमोद व मोना के प्रयास से कंपोजिट विद्यालय को मिली मंजूरी, करोड़ों...

प्रमोद व मोना के प्रयास से कंपोजिट विद्यालय को मिली मंजूरी, करोड़ों की सौगात से खुशी

PRATAPGARH NEWS: रामपुर खास की विधायक आराधना मिश्रा मोना एवं सांसद प्रमोद तिवारी के संयुक्त प्रयास से रामपुरखास विधानसभा क्षेत्र को मुख्यमंत्री माडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण को लेकर करोड़ों की सौगात मिली है। गुरूवार को जानकारी होने पर क्षेत्र के लोगों में खुशी देखी गयी। रामपुर संग्रामगढ़ ब्लाक के रामपुर बावली ग्राम पंचायत में स्वीकृत इस शिक्षण संस्थान में प्री प्राइमरी से कक्षा बारह तक के पठन पाठन को लेकर नौनिहालों को सुविधा मिल सकेगी। विधायक मोना के प्रयास से स्वीकृत हुए मुख्यमंत्री माडल कम्पोजिट विद्यालय के लिए शासन द्वारा चौबीस करोड़ सरसठ लाख आठ हजार रूपये के बजट को मंजूरी मिली है। शासन के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा बीती सत्रह अगस्त को जारी शासनादेश में इसके निर्माण के लिए उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद को कार्यदायी संस्था नामित किया गया है। शिक्षण संस्थान का प्रस्ताव विधायक आराधना मिश्रा मोना द्वारा बीती छः जून को बेसिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव को निशुल्क भूमि के प्रस्ताव के साथ भेजवाया गया था। शिक्षण संस्थान की मंजूरी की जानकारी यहां मीडिया प्रभारी ज्ञानप्रकाश शुक्ल ने जारी विज्ञप्ति में दी है। इधर करोड़ों के नये शिक्षण संस्थान की मंजूरी मिलने पर प्रधान सविता जायसवाल, डॉ0 चन्द्रेश सिंह, भुवनेश्वर शुक्ल, मो0 सगीर, जर्रार अहमद, सुनील त्रिपाठी, मिथलेश त्रिपाठी, रवीन्द्र मिश्र, शीतला प्रसाद दुबे, कमल सिंह, राजू सिंह, अवधेश पाण्डेय आदि ने विधायक आराधना मिश्रा मोना तथा सांसद प्रमोद तिवारी के प्रति आभार भी जताया है।