PRATAPGARH NEWS: जिले में रविवार सुबह चोरी की बड़ी वारदात सामने आई, जहां चोरों ने तीन घरों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवारों के अनुसार कुल करीब 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
गांव निवासी देवीप्रसाद पांडे के घर में देर रात चोरों ने सेंध लगाई। पीड़ित के पुत्र सोनू पांडे ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि घटना रात करीब 2 से 3 बजे के बीच की है। चोरों ने घर के पीछे लगी खिड़की की जाली तोड़ दी और छत का दरवाजा खोलकर घर के अंदर प्रवेश कर गए। घर में घुसने के बाद चोरों ने सोनू पांडे की पत्नी तथा उनके छोटे भाई मोनू पांडे की पत्नी के सोने के सभी जेवरात चोरी कर लिए। इसके अलावा घर में रखे करीब 46 हजार रुपये नकद भी चुरा लिए गए। पीड़ित परिवार के मुताबिक चोरी हुए जेवरात की कीमत लाखों रुपये में है। घटना की जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में नाराजगी देखी जा रही है।







