PRAYAGRAJ NEWS: प्रयागराज व्यापार मंडल की एक महत्वपूर्ण बैठक रविवार को चेयरमैन मनीष कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का संचालन नगर उपाध्यक्ष धीरज केसरवानी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष सुशांत कुमार केसरवानी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल एवं पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतों में लगातार गिरावट आई है। प्रधानमंत्री द्वारा भी ऊर्जा संकट काफी हद तक समाप्त होने की बात कही जा चुकी है। देशवासियों ने प्रधानमंत्री के आह्वान पर ईंधन एवं गैस की बचत के लिए कार पूलिंग, अधिक से अधिक पैदल चलने तथा अनावश्यक ईंधन की खपत रोकने जैसे उपाय अपनाकर अपनी जिम्मेदारी निभाई है। प्रयागराज व्यापार मंडल ने भी सबसे पहले व्यापारियों एवं आम नागरिकों से ईंधन की बचत के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया था। उन्होंने कहा कि जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आई है तथा कुछ निजी तेल कंपनियों ने भी अपने उत्पादों के दाम कम किए हैं, तब सरकारी तेल कंपनियों द्वारा अभी तक पेट्रोल, डीजल एवं अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के दामों में कमी न किया जाना व्यापारियों और आम जनता के हित में नहीं है। इससे परिवहन लागत बढ़ रही है और महंगाई पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। बैठक में सर्वसम्मति से केंद्र सरकार, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री तथा इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अध्यक्षों एवं प्रबंध निदेशकों को ई-मेल के माध्यम से ज्ञापन प्रेषित कर पेट्रोल, डीजल एवं अन्य पेट्रोलियम उत्पादों के दामों में शीघ्र कमी करने की मांग की गई। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक गुप्ता, युवा जिलाध्यक्ष प्रियंक कुमार गुप्ता ‘अंशु’, जिला उपाध्यक्ष बनारसी साहू, नगर महामंत्री अतुल जायसवाल, जिला महिला अध्यक्ष जूही श्रीवास्तव मुदित खत्री विजय केसरवानी( कटरा)सहित प्रयागराज व्यापार मंडल के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।







