पूर्व सचिव अनिल भूषण चतुर्वेदी ने नवीन सचिव राजेंद्र प्रताप को सौंपा कार्यभार
PRAYAGRAJ NEWS : परीक्षा नियामक प्राधिकारी, उत्तर प्रदेश एवं राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज में शुक्रवार को कार्यभार हस्तांतरण का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी एवं निदेशक राज्य विज्ञान शिक्षा संस्थान, उत्तर प्रदेश, प्रयागराज अनिल भूषण चतुर्वेदी ने नवीन सचिव एवं निदेशक राजेंद्र प्रताप को औपचारिक रूप से कार्यभार ग्रहण कराया। कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान दोनों अधिकारियों ने संस्थान एवं विभाग की विभिन्न योजनाओं, कार्यप्रणाली तथा आगामी लक्ष्यों पर चर्चा की। अनिल भूषण चतुर्वेदी ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए विभागीय कार्यों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक जानकारी नवीन सचिव को प्रदान की।
नवीन सचिव एवं निदेशक राजेंद्र प्रताप ने कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग प्राप्त कर शिक्षा तथा परीक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाने के लिए प्रतिबद्धता व्यक्त की। इस अवसर पर विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे तथा नवीन सचिव का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।







