विश्व पुस्तक दिवस पर पुस्तकों से मित्रता का आह्वान: “किताबें जीवन की सच्ची मार्गदर्शक”
विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त, प्रख्यात कवि, एवं वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र सिंह वत्स ने लोगों से पुस्तकों को अपना सच्चा मित्र बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किताबें न सिर्फ ज्ञान प्रदान करती हैं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का कार्य भी करती हैं। विश्व पुस्तक दिवस के अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स ने साहित्य और पठन-पाठन के महत्व पर विशेष जोर दिया। इस अवसर पर राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र सिंह वत्स ने अपने संदेश में कहा कि “पुस्तकें केवल ज्ञान का स्रोत नहीं बल्कि जीवन को दिशा देने वाली सच्ची मित्र हैं। आज के डिजिटल युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है, बल्कि यह हमारी सोच, संस्कार और दृष्टिकोण को समृद्ध करने का सबसे सशक्त माध्यम हैं।”
उन्होंने कहा कि हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में स्वाध्याय को शामिल करना चाहिए, जिससे निरंतर ज्ञानार्जन हो सके और व्यक्ति अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सके। वत्स ने विशेष रूप से युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे सोशल मीडिया के साथ-साथ पुस्तकों के अध्ययन की आदत विकसित करें, जिससे उनका बौद्धिक और नैतिक विकास हो सके। ‘वत्स’ ने पुस्तकों को समाज के विकास की आधारशिला बताते हुए पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने पर बल दिया. उन्होंने लोगों से अपील किया कि विश्व पुस्तक दिवस पर सभी लोग यह संकल्प लें कि वे नियमित रूप से पुस्तकों का अध्ययन करेंगे और ज्ञान के पथ पर आगे बढ़ेंगे।







