डीएम ने नियमित पाठकों की संख्या बढ़ाने के दिए निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला पुस्तकालय समिति की बैठक शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में पुस्तकालयों की व्यवस्थाओं, गतिविधियों और पाठकों की संख्या बढ़ाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने पुस्तकालयों में तैनात कर्मचारियों के कार्यों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पुस्तकालयों का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को पुस्तकों से जोड़ना और स्क्रीन संस्कृति से हटाकर अध्ययन की ओर प्रेरित करना है। उन्होंने पुस्तकालय प्रभारी को निर्देशित किया कि शिक्षण संस्थानों, स्वयंसेवी संगठनों और अन्य संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर नियमित पाठकों की संख्या बढ़ाई जाए। साथ ही प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल अभ्यर्थियों की कार्यशालाएं आयोजित कर प्रतियोगी छात्रों को प्रेरित करने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। जिलाधिकारी ने पुस्तकालयों का व्यापक प्रचार-प्रसार विभिन्न माध्यमों से कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक लोग पुस्तकालयों की गतिविधियों से जुड़ सकें। उन्होंने यह भी कहा कि पुस्तकालय में उपलब्ध पुस्तकों का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार कर वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन उपलब्ध कराया जाए, जिससे लोग पुस्तकों की उपलब्धता की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकें। बैठक में पुस्तकालय की निष्प्रयोज्य सामग्री के नियमानुसार निस्तारण तथा आवश्यक सुविधाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। समिति के सदस्यों द्वारा रखे गए सुझावों और मांगों पर जिलाधिकारी ने नियमानुसार कार्रवाई कर सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जिला विद्यालय निरीक्षक, डीसी मनरेगा, प्रभारी पुस्तकालय सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।





