सांगीपुर पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपिता को भेजा जेल
PRATAPGARH NEWS: बदमाश के चाल चलन का सत्यापन करने गयी पुलिस पर उग्र ग्रामीणों ने जानलेवा हमला बोल दिया। हमले मे सांगीपुर थाने मे तैनात दो सिपाहियों को गंभीर चोटें आ गयी। घटना को लेकर सांगीपुर पुलिस ने सरकारी कामकाज में बाधा पहुंचाते हुए पुलिस टीम पर हमले को लेकर आठ नामजद तथा बीस से पचीस अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुठभेड़ समेत हत्या के प्रयास की गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है। घटना की अगली सुबह पुलिस ने मुकदमे से जुड़ी एक आरोपिता को हिरासत मे लेकर जेल भेज दिया। सांगीपुर थाना के भैंसना गांव में थाने में तैनात आरक्षी अनन्त कुमार मिश्र तथा श्रवण कुमार गुप्ता शनिवार की रात करीब साढ़े बारह बजे गश्त के दौरान पहुंचे। दोनों आरक्षी गांव में एक बदमाश के चाल चलन को लेकर सत्यापन करने लगे। सूत्रों के मुताबिक बदमाश ने शोर मचाकर गांव के लोगों को इकटठा कर लिया। बड़ी संख्या में जुटे ग्रामीणों ने एकाएक पुलिस टीम पर लाठी डंडे व कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। हमले के दौरान उग्र ग्रामीणों ने सिपाहियों की वर्दी भी फाड़ दी। सूचना पर थाने से भारी फोर्स पहुंची और घायल सिपाहियों को इलाज के लिए सांगीपुर सीएचसी मंे भर्ती करवाया। घटना को लेकर घायल आरक्षी अनन्त मिश्र की तहरीर पर गांव के सलमान पुत्र जुम्मन, अख्तरून निशा पत्नी खलूल, जुम्मन व बेंचू पुत्रगण शेर मोहम्मद, किताबुननिशा पत्नी जुमई, शहजादी पुत्री बेंचू, मन्ना पत्नी बेंचू, निजाम पुत्र गुलहसन आरोपित ग्रामीणों के खिलाफ देर रात मुठभेड़ तथा सरकारी कामकाज में बाधा समेत कई गंभीर धाराओं मे पुलिस ने केस दर्ज किया है। सोमवार की सुबह थाने के दरोगा सुमित सिंह ने महिला आरक्षियों सहित फोर्स के साथ दबिश देकर भैंसना कटेहटी तिराहा से वांछित आरोपिता अख्तरून निशा पत्नी खलूल को हिरासत मे ले लिया। पुलिस ने आरोपिता की निशानदेही पर हमले मे प्रयुक्त कुल्हाड़ी को बरामद करने का दावा जताया है। आरोपिता को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया।







