फर्जी जॉइनिंग लेटर देकर महिला से की धोखाधड़ी, रुपए मांगने पर दी जान से मारने की धमकी
JHANSI NEWS: थाना नवाबाद पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर पांच लाख रुपये की ठगी करने और फर्जी जॉइनिंग लेटर देने के मामले में महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज में तैनात एक स्टाफ नर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपी पर पीड़िता को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम दिगारा निवासी अनोखी देवी ने 26 मई 2025 को थाना नवाबाद में तहरीर देकर बताया था कि मेडिकल कॉलेज में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत नई बस्ती एवं वर्तमान में राजीव नगर नगरा निवासी कंचन प्रजापति ने उसे सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा दिया। आरोपी ने भरोसा दिलाते हुए नौकरी लगवाने के एवज में उससे पांच लाख रुपये ले लिए। पीड़िता का आरोप है कि रुपए लेने के बाद कंचन प्रजापति ने उसे जॉइनिंग लेटर उपलब्ध कराया और नौकरी ज्वाइन करने के लिए संबंधित विभाग भेज दिया। जब पीड़िता जॉइनिंग लेटर लेकर विभाग पहुंची तो जांच में दस्तावेज फर्जी निकले। इसके बाद उसे अपने साथ ठगी होने का एहसास हुआ। अनोखी देवी ने बताया कि जब उसने आरोपी महिला से अपने रुपए वापस मांगे तो उसने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना नवाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोप सही पाए जाने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी स्टाफ नर्स कंचन प्रजापति को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।







