एसपी केशव कुमार को भेजा प्रशस्ति पत्र
KUSHINAGAR NEWS: अपराधियों के चंगुल से छुड़ाकर सैकड़ों नेपाली नागरिकों को सुरक्षित घर पहुंचाने की कुशीनगर पुलिस की कार्रवाई को अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। नेपाल सरकार और नेपाल दूतावास ने इस मानवीय पहल के लिए भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार और कुशीनगर पुलिस के प्रति आभार जताते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार को प्रशस्ति एवं धन्यवाद पत्र भेजा है। पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान कुल 453 नेपाली नागरिकों को रेस्क्यू किया गया। इसमें 338 पुरुष और 115 महिलाएं शामिल थीं। सभी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके परिजनों तक सुरक्षित पहुंचाया गया। नेपाल दूतावास ने पत्र में कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र में कुशीनगर पुलिस की यह कार्रवाई मानव तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ एक उल्लेखनीय उदाहरण है। दूतावास ने अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता और संवेदनशीलता की भी प्रशंसा की। एसपी केशव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस ऑपरेशन को भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। इस कार्रवाई से न सिर्फ सैकड़ों नेपाली नागरिकों का जीवन बचा, बल्कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को भी नई मजबूती मिली है। स्थानीय स्तर पर भी कुशीनगर पुलिस की इस मानवीय पहल की व्यापक सराहना हो रही है।







