SIDHARTHNAGAR NEWS: नीट परीक्षा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डा. अभिषेक महाजन की उपस्थिति में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों की सुगम आवाजाही, परीक्षा केंद्रों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा नकलविहीन एवं पारदर्शी परीक्षा संपन्न कराने के संबंध में विस्तृत समीक्षा की।जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा किसी भी प्रकार की अफवाह या अवांछनीय गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए। उन्होंने परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समय से सभी तैयारियां पूर्ण करने पर बल दिया, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जा सके। बैठक में बताया गया कि जनपद में नीट परीक्षा-2026 के लिए कुल 09 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जनपद पुलिस एवं प्रशासन द्वारा परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।







