Home उत्तर प्रदेश नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल...

नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के अंतर्गत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का सफल आयोजन, युवाओं ने ली शपथ

SIDHARTHNAGAR NEWS: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत द्वारा ‘नशा मुक्त युवा–विकसित भारत’ अभियान के तहत जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज के सभागार में किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और कला, साहित्य व सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से नशा मुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राजेश मोहन ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और भविष्य को कमजोर करता है तथा स्वस्थ एवं नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सच्चिदानंद उपाध्याय विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष मूल्यांकन विभिन्न शिक्षण संस्थानों से आमंत्रित अनुभवी निर्णायकों द्वारा किया गया, जिनमें जिला युवा कल्याण विभाग की लक्ष्मी वर्मा, जय किसान इंटर कॉलेज के सच्चिदानंद शुक्ल व सुनील पांडेय, बुद्ध विद्यापीठ के नवीन सोनी, शिवोपत इंटर कॉलेज के धर्मेंद्र प्रधान, सेंट ज़ेवियर्स स्कूल के चंद्र प्रकाश मिश्रा तथा केंद्रीय विद्यालय के आदेश जायसवाल शामिल रहे। कार्यक्रम में नृत्य, संगीत (लोकगीत), नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, वाद-विवाद व भाषण, स्लैम पोएट्री तथा स्लोगन लेखन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। नृत्य में टीम ईशा, संगीत में कन्हैया, नुक्कड़ नाटक में मेडिकल कॉलेज टीम (अखिलेश पाल), चित्रकला में प्रियंका कुमारी, वाद-विवाद में स्तुति त्रिपाठी, स्लैम पोएट्री में शिवम दुबे और स्लोगन लेखन में रुकमणी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने सामूहिक रूप से नशा मुक्ति की शपथ ली और हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर नशा मुक्त भारत के निर्माण का संकल्प लिया। समापन अवसर पर जिला युवा अधिकारी निशांत कुमार चौहान ने सभी अतिथियों, निर्णायकों, स्वयंसेवकों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम की वास्तविक सफलता युवाओं द्वारा लिया गया नशा मुक्ति का संकल्प है। अंत में विजेताओं को ट्रॉफी व प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया और प्रथम स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएँ दी गईं।