Home उत्तर प्रदेश नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर...

नगर आयुक्त ने निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण, गुणवत्ता और समयबद्धता पर दिए सख्त निर्देश

JHANSI NEWS: नगर आयुक्त ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता और कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान वार्ड संख्या-32 में देहली चाट भंडार के पास निर्माणाधीन नाले में दो स्थानों पर हनी कॉम्बिंग (कंक्रीट में रिक्त स्थान) पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त की गई। नगर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल दोषपूर्ण हिस्सों को दुरुस्त कराने, भविष्य में ऐसी लापरवाही न होने देने तथा निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप और निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। इसके बाद नगर आयुक्त ने वार्ड संख्या-13 स्थित श्मशान घाट में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था को कार्य में तेजी लाने और निर्धारित समयावधि के भीतर निर्माण पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान सहायक नगर आयुक्त एवं जोनल अधिकारी प्रथम गौरव कुमार, अधिशासी अभियंता नीना सिंह, सहायक अभियंता विपिन कुमार, अवर अभियंता मोहित गर्ग तथा क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने सभी अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने और नियमित निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए।