JAUNPUR NEWS: सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्रामसभा बडऊर में 1 मई को आजाद बिंद की गोली मारकर हत्या की घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक रमेश सिंह रविवार को पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। विधायक ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बडऊर गांव निवासी श्री राम लखन बिंद के पुत्र स्वर्गीय आजाद बिंद की कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही विधायक रमेश सिंह तत्काल मौके पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है तथा दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। विधायक रमेश सिंह ने कहा कि “इस जघन्य हत्या से मैं बेहद दुखी हूं। पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जल्द से जल्द सभी आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाए।”







