Home उत्तर प्रदेश दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राइसाइकिल, आवेदन शुरू

दिव्यांग छात्राओं को मिलेगी ई-ट्राइसाइकिल, आवेदन शुरू

FATEHPUR NEWS:  उत्तर प्रदेश सरकार ने स्कूल एवं प्रशिक्षण संस्थानों में अध्ययनरत दिव्यांग छात्राओं के लिए ई-ट्राइसाइकिल योजना शुरू की है। योजना का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालय, पुस्तकालय, प्रयोगशाला और छात्रावास तक आने-जाने में सुविधा उपलब्ध कराना है। योजना के तहत पात्र छात्राओं को ई-ट्राइसाइकिल खरीदने के लिए अधिकतम 65 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा। एक पात्र लाभार्थी को पांच वर्ष में केवल एक बार इस योजना का लाभ मिलेगा। पिछले पांच वर्षों में किसी सरकारी योजना, सांसद या विधायक निधि अथवा अन्य सरकारी स्रोत से ई-ट्राइसाइकिल प्राप्त कर चुके आवेदक इस योजना के पात्र नहीं होंगे। योजना का लाभ 16 वर्ष या उससे अधिक आयु की उत्तर प्रदेश की मूल निवासी दिव्यांग छात्राओं को मिलेगा। दिव्यांगता प्रमाण पत्र मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) द्वारा प्रमाणित होना अनिवार्य है। साथ ही लाभार्थी या उसका परिवार आयकरदाता नहीं होना चाहिए। चयन में सबसे पहले बीपीएल परिवारों की छात्राओं को प्राथमिकता दी जाएगी। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी ने बताया कि इच्छुक छात्राएं अधिक जानकारी एवं आवेदन के लिए विकास भवन, कक्ष संख्या-23 स्थित जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस पर संपर्क कर सकती हैं। संपर्क नंबर 08189038778 जारी किया गया है।