Home उत्तर प्रदेश तिरंगे के रंग में रंगा फतेहपुर, ब्लॉकों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

तिरंगे के रंग में रंगा फतेहपुर, ब्लॉकों में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ शहीदों को अर्पित की श्रद्धांजलि
FATEHPUR NEWS: ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के तहत गुरुवार को जिले के विभिन्न विकासखंडों में भव्य तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। भिटौरा, देवमई, धाता, बहुआ, खजुहा, अमौली सहित अन्य ब्लॉकों में निकली यात्राओं में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा व आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों समेत बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। भारत माता की जय और जय हिंद के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा. विकासखंड भिटौरा के ग्राम बीसापुर में ब्लॉक प्रमुख अमित तिवारी की मौजूदगी में तिरंगा यात्रा निकाली गई। वहीं धाता के दीपनारायण चौराहा तथा बहुआ में बहुआ से बहुआ चौराहा तक तिरंगा रैली आयोजित हुई। देवमई में प्राथमिक विद्यालय के बच्चों ने मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद देवमई से बैठका चौराहा, मुसाफा होते हुए नहर पटरी के रास्ते विकासखंड कार्यालय तक तिरंगा रैली निकाली गई। विकासखंड खजुहा में आयोजित तिरंगा रैली में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। खजुहा में मुख्य अतिथि विधायक बिंदकी जयकुमार सिंह जैकी एवं विधायक जहानाबाद राजेंद्र पटेल रहे। ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुरेंद्र उत्तम, मंडल अध्यक्ष रोहन श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की। खंड विकास अधिकारी कोमल सिंह, सहायक विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव, रामकृपाल तथा संबंधित ग्राम पंचायत सचिवों समेत विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आशा कार्यकत्रियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और पुरुषोत्तम इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भी तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया। महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष उत्प्रेक्षा द्विवेदी की मौजूदगी में यात्रा के दौरान भारत माता की जय और जय हिंद के नारे गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए शहीद स्थल पहुंची। यहां उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और अन्य प्रतिभागियों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों एवं स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हुए पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और अमर बलिदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया। विकासखंड अमौली में भी ब्लॉक स्तरीय तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इसमें विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक बिंदकी जय कुमार सिंह जैकी, ब्लॉक प्रमुख सुशीला सिंह, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, आशा बहुएं, स्वास्थ्य विभाग, बाल विकास परियोजना और खंड शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। पूरे जिले में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रप्रेम और देश की एकता-अखंडता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।