विरोध करने पर युवक से मारपीट का आरोप
FATEHPUR NEWS: मलवा थाना क्षेत्र के उमर गहना गांव में तालाब में कीटनाशक पदार्थ डाले जाने से हजारों की संख्या में मछलियों की मौत का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि मछली पकड़ने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट भी की गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है तथा मरी हुई मछलियों से बीमारी फैलने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मलवा थाना क्षेत्र के उमर गहना गांव निवासी बैजनाथ ने आरोप लगाया कि उसके लगभग पांच बीघा क्षेत्रफल के तालाब में कुछ लोगों द्वारा मछली पकड़ने का प्रयास किया जा रहा था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। आरोप है कि इसके बाद तालाब में कीटनाशक पदार्थ डाल दिया गया, जिससे हजारों की संख्या में मछलियां तड़प-तड़प कर मर गईं। पीड़ित बैजनाथ का कहना है कि घटना की शिकायत मलवा थाने में प्रार्थना पत्र देकर की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं गांव में मरी हुई मछलियों से दुर्गंध और संक्रमण फैलने की आशंका के चलते ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। मामले को लेकर ग्रामीण प्रशासन से जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस का पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।







