Home उत्तर प्रदेश तहसील समाधान दिवस मे जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष कार्रवाई के दिए...

तहसील समाधान दिवस मे जिलाधिकारी पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष कार्रवाई के दिए निर्देश

सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण पर जोर
KUSHINAGAR NEWS: प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसुनवाई एवं शिकायतों के त्वरित, निष्पक्ष एवं पारदर्शी निस्तारण के उद्देश्य से आज तहसील सदर (पडरौना) में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में  किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। इस अवसर पर कृषि, समाज कल्याण, महिला कल्याण, मनरेगा, राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों से संबंधित कुल 70 प्रकरण प्राप्त हुए, जिनमें से 12 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष 58 प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।इस दौरान राजस्व विभाग: 42 (निस्तारित 12, अवशेष 30)पुलिस विभाग: 14 (निस्तारित 0, अवशेष 14),विकास विभाग: 11 (निस्तारित 0, अवशेष 11),अन्य विभाग: 03 (निस्तारित 0, अवशेष 03), जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया  कि सभी लंबित प्रकरणों की जांच प्राथमिकता के आधार पर करते हुए निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। विशेष रूप से राजस्व संबंधी विवादित मामलों के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर समाधान करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण पारदर्शिता एवं जवाबदेही के साथ किया जाएगा। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि भूमि विवाद, आपसी रंजिश, कानून-व्यवस्था एवं अन्य संवेदनशील मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्र प्रकाश बर्मा, उपजिलाधिकारी पडरौना, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, समस्त थाना प्रभारी, जनपद स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।