BALRAMPUR NEWS: (कमाल खान) जनसमस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निस्तारण के उद्देश्य से तहसील तुलसीपुर में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन एवं पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण एवं संतोषजनक ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि समाधान दिवस का उद्देश्य शिकायत का प्रभावी एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना है। किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि राजस्व, पुलिस, विकास, समाज कल्याण, विद्युत, पेयजल, पंचायत, कृषि एवं अन्य विभागों से संबंधित शिकायतों का विभागीय अधिकारी स्वयं समीक्षा करते हुए प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित करें। जिन मामलों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई अपेक्षित हो, उनमें दोनों विभाग समन्वय स्थापित कर त्वरित कार्रवाई करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि विवाद, अवैध कब्जा, पेंशन, आवास, विद्युत, पेयजल तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित शिकायतों का समाधान पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित की जाए। जिस प्रकरण में स्थलीय निरीक्षण आवश्यक हो तो संबंधित अधिकारी मौके पर जाकर जांच करें और तथ्यात्मक आख्या प्रस्तुत करें। सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी द्वारा पात्र लाभार्थियों को आवासीय भूमि के पट्टे भी वितरित किए गए। इस अवसर पर ग्राम शीतलापुर देहात, तहसील तुलसीपुर की श्रीमती साधना पत्नी बृजेश, श्रीमती सुमन देवी पत्नी मुकेश कुमार, श्रीमती रीनू देवी पत्नी जग्गू तथा श्रीमती विद्या देवी पत्नी गिनतीराम को आवासीय भूमि के पट्टे प्रदान किए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार को भूमि एवं आवास जैसी मूलभूत सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से लाभान्वित करने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। पुलिस अधीक्षक श्री विकास कुमार ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों के त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा जनसुनवाई की भावना के अनुरूप लोगों को समय पर न्याय मिले। सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की विभागवार समीक्षा भी की गई तथा लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि समाधान दिवस में प्राप्त प्रत्येक शिकायत की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर शिथिलता पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी तुलसीपुर , क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी, जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।







