Home उत्तर प्रदेश डीएम जौनपुर की फर्जी फेसबुक अकाउंट से सावधान रहने की अपील

डीएम जौनपुर की फर्जी फेसबुक अकाउंट से सावधान रहने की अपील

आईएएस अधिकारी के नाम से बनाए जा रहे नकली अकाउंट को न करें स्वीकार, केवल आधिकारिक अकाउंट पर ही करें भरोसा
JAUNPUR NEWS: सोशल मीडिया पर बढ़ते फर्जीवाड़े के बीच एक बार फिर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आईएएस अधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र सिंह के नाम से फर्जी फेसबुक अकाउंट बनाए जाने की जानकारी सामने आई है, जिसको लेकर उन्होंने आमजन से सतर्क रहने की अपील की है। इसकी जानकारी उन्होंने फेसबुक के अपने अधिकृत अकाउंट पर बुधवार को दी है। आईएएस अधिकारी जौनपुर के डीएम डॉ. दिनेश चंद्र सिंह ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि उनके नाम से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर फर्जी (फेक) अकाउंट बनाए जा रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन ऐसे किसी भी संदिग्ध अकाउंट को स्वीकार न करें और न ही उससे किसी प्रकार का संपर्क स्थापित करें। डॉ. सिंह ने कहा कि उनका केवल एक ही आधिकारिक फेसबुक अकाउंट “Dr Dinesh Chandra Singh” है, जबकि “Dr Dinesh Chandra Singh I.A.S” नाम से उनका आधिकारिक फेसबुक पेज संचालित होता है। इसके अतिरिक्त उनके नाम से बनाया गया कोई भी अन्य अकाउंट या पेज पूरी तरह फर्जी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी को उनके नाम से कोई संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट या मैसेज प्राप्त होता है, तो उसे तुरंत नजरअंदाज करें और संबंधित अकाउंट की शिकायत (रिपोर्ट) फेसबुक पर करें, ताकि साइबर अपराधियों पर कार्रवाई की जा सके।
कहा कि इस प्रकार के फर्जी अकाउंट लोगों को भ्रमित करने और ठगी का शिकार बनाने के उद्देश्य से बनाए जाते हैं, इसलिए सतर्कता ही सबसे बड़ा बचाव है।