Home उत्तर प्रदेश डंपर से टकराकर बारातियों से भरी मिनी बस पलटी, 12 से अधिक...

डंपर से टकराकर बारातियों से भरी मिनी बस पलटी, 12 से अधिक घायल

तीन की हालत गंभीर, जिला अस्पताल रेफर; ग्रामीणों और पुलिस ने चलाया राहत-बचाव कार्य
FATEHPUR NEWS: गाजीपुर-विजयीपुर मार्ग पर शनिवार रात करीब नौ बजे एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जब बारातियों से भरी मिनी बस आगे चल रहे डंपर से टकराकर सड़क किनारे खंती में पलट गई। हादसे में 12 से 15 बाराती घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव निवासी बंसीलाल निषाद के पुत्र शिवशंकर की बारात असोथर थाना क्षेत्र के रमसोलेपुर गांव जा रही थी। मिनी बस में लगभग 45 लोग सवार थे। जैसे ही बस पुर बुजुर्ग गांव के पास पहुंची, तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंपर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस सड़क से नीचे खंती में उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। बस में फंसे बारातियों को खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया। घायलों में सोनू, गोपाल, लवलेश, टीशू, डपोली, देवा, राजकरन, राज, ननका सहित अन्य लोग शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल थरियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोनू, डपोली और देवा की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से राहत कार्य में जुट गए। पुलिसकर्मियों ने बस को खंती से निकालने और फंसे लोगों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। बाद में शेष बारातियों को सुरक्षित उनके गंतव्य और घरों के लिए रवाना किया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि सभी घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल भेजा गया है। क्रेन की मदद से बस को सीधा करा लिया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।