PRATAPGARH NEWS: नौगिरवा विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के बंदोइया गांव में लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक जाने से करीब 25 से 30 परिवारों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच पिछले 36 घंटे से अंधेरे में रह रहे ग्रामीणों में बिजली विभाग के खिलाफ भारी नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली गुल हो गई। सूचना देने के बावजूद विभाग की ओर से अब तक नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया है। दिन में तेज धूप और रात में उमस के कारण लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को उठानी पड़ रही है। ग्रामीण राजेश, घनश्याम त्रिपाठी, अनिल, रामेश्वर, पंकज और नीरज ने बताया कि बिजली आपूर्ति बंद होने से पेयजल संकट भी गहराने लगा है। मोटर और सबमर्सिबल बंद पड़े हैं, जिससे पानी की समस्या उत्पन्न हो गई है। रात के समय लोग घरों के बाहर समय बिताने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग को कई बार सूचना दी गई, लेकिन अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टालते रहे। इससे गांव में विभागीय लापरवाही को लेकर लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में अधीक्षण अभियंता संजय गुप्ता ने बताया कि खराब ट्रांसफार्मर को बदलने की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।







