MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) विंध्याचल थाना क्षेत्र के अष्टभुजा पुलिस चौकी अंतर्गत टोल प्लाजा के पास एक अनियंत्रित क्रेन/केरान पलटकर सड़क किनारे बनी दुकान में जा घुसा। क्रेन दुकान में बनी मजबूत भट्ठी के सहारे टिक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। हादसे में क्रेन चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही अष्टभुजा पुलिस चौकी प्रभारी तत्काल मौके पर पहुंचे और किसी वाहन से घायल चालक को विंध्याचल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद चालक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बरौधा-कचार, मीरजापुर निवासी के रूप में हुई है। घटना स्थल से क्रेन को हटवा दिया गया है। पुलिस विधिक कार्यवाही में जुटी हुई है। मौके पर थाना प्रभारी विंध्याचल अपनी टीम के साथ सक्रिय दिखे। स्थानीय लोगों में चर्चा है कि जहां यह दुर्घटना हुई है वहां अक्सर इस तरह की घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने जिला प्रशासन के उच्च अधिकारियों से संज्ञान लेने की मांग की है।







