SIDHARTHNAGAR NEWS: जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन द्वारा नौगढ़ विकास खंड के सोनवल स्थित पंचायत भवन पर आयोजित ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वहां उपस्थित स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) पूनम पाण्डेय से टीकाकरण के लिए निर्धारित सूची के अनुसार आज हुए टीकाकरण की जानकारी ली। एएनएम द्वारा बताया गया कि सूची के अनुसार शून्य से एक वर्ष तक के छह बच्चों के सापेक्ष केवल तीन बच्चों का ही टीकाकरण कराया गया है। इसके बाद जिलाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र पर गर्भवती महिलाओं के पंजीकरण पंजिका का अवलोकन किया, जिसमें कुल चार पंजीकृत गर्भवती महिलाओं के सापेक्ष केवल एक ही महिला का टीकाकरण होना पाया गया। इस घोर लापरवाही और कम प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्वास्थ्य कार्यकर्ता पूनम पाण्डेय एवं आशा कार्यकर्ता सरिता पाण्डेय को कारण बताओ स्पष्टीकरण पत्र जारी करने का निर्देश दिया। उन्होंने आंगनबाड़ी और आशा कार्यकर्ता को कड़े निर्देश दिए कि वे ग्राम में घर-घर जाकर टीकाकरण से एक दिन पूर्व ही सभी गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों को अनिवार्य रूप से सूचित करें। उन्होंने स्वास्थ्य कार्यकर्ता को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि क्षेत्र का कोई भी बच्चा तथा गर्भवती महिला स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण से वंचित नहीं रहनी चाहिए। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने सभी गर्भवती महिलाओं को चिह्नित कर उनकी नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए ताकि शत-प्रतिशत स्वास्थ्य लाभ सुनिश्चित किया जा सके।







