Home उत्तर प्रदेश जौनपुर में जनगणना-2027 की फील्ड गतिविधियां शुरू, 8 हजार से अधिक गणनाकर्मी...

जौनपुर में जनगणना-2027 की फील्ड गतिविधियां शुरू, 8 हजार से अधिक गणनाकर्मी मैदान में उतरे

JAUNPUR NEWS: भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद जौनपुर में जनगणना-2027 से संबंधित फील्ड गतिविधियों का शुभारंभ शुक्रवार से कर दिया गया। जनगणना के इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान के तहत जनपद में 8 हजार से अधिक गणनाकर्मी विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचकर आंकड़े एकत्रित करने का कार्य शुरू कर चुके हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना देश की विकास योजनाओं और नीतियों के निर्माण का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे जनगणना कार्य में सक्रिय सहयोग करें तथा गणनाकर्मियों को सही, सटीक और पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने नागरिकों से यह भी अनुरोध किया कि जनगणना से संबंधित किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और केवल अधिकृत स्रोतों से प्राप्त जानकारी पर ही विश्वास करें। जिलाधिकारी ने कहा कि “सही जानकारी, बेहतर योजना जन भागीदारी से सफल जनगणना” इस अभियान का मूल उद्देश्य है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनगणना कार्य में लगाए गए प्रगणकों एवं सुपरवाइजरों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि यह कार्य उनके धैर्य, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गणनाकर्मी देशहित के इस महत्वपूर्ण दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं, जिसके लिए वे बधाई के पात्र हैं। जिलाधिकारी ने फील्ड में कार्यरत कर्मियों को भीषण गर्मी को देखते हुए पर्याप्त पानी पीने, धूप से बचाव के उपाय अपनाने तथा पूरी सावधानी के साथ कार्य करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि गणनाकर्मियों की मेहनत और ईमानदारी से ही देश की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी, जिससे भविष्य की योजनाओं को मजबूत आधार प्राप्त होगा। साथ ही उन्होंने निर्देश दिया कि फील्ड में किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल अपने उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।