Home उत्तर प्रदेश जूही में नए विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज, विधायक डॉ. वाचस्पति ने...

जूही में नए विद्युत उपकेंद्र की मांग तेज, विधायक डॉ. वाचस्पति ने आपदा प्रबंधन प्राधिकरण को लिखा पत्र

किलोमीटर लंबी फीडर लाइन से लो-वोल्टेज व बार-बार ट्रिपिंग की समस्या,
ग्रामीणों को राहत दिलाने के लिए शीघ्र निर्माण की मांग
PRAYAGRAJ NEWS: बारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जूही क्षेत्र में नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना की मांग को लेकर विधायक डॉ. वाचस्पति ने उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के मुख्य सचिव स्तर के अध्यक्ष को पत्र भेजकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। विधायक ने अपने पत्र में बताया कि शंकरगढ़ विद्युत उपकेंद्र से संचालित जूही फीडर की विद्युत लाइन लगभग 70 किलोमीटर लंबी है। अत्यधिक लंबाई के कारण फीडर पर अधिक लोड रहता है, जिससे क्षेत्र में लो-वोल्टेज, बार-बार ट्रिपिंग और अनियमित विद्युत आपूर्ति की समस्या बनी रहती है। इसका सबसे अधिक असर किसानों, ग्रामीण उपभोक्ताओं, मजदूरों तथा व्यापारियों पर पड़ रहा है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि जूही में नए विद्युत उपकेंद्र का प्रस्ताव पूर्व में भी स्वीकृत योजना में शामिल किया गया था, लेकिन अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका है। विधायक ने पत्र के माध्यम से अपने प्रतिनिधि विजय कुमार निषाद (श्यामू) को भेजकर जूही में नए विद्युत उपकेंद्र को शीघ्र स्वीकृति प्रदान कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का अनुरोध किया है, ताकि क्षेत्रवासियों को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी विद्युत आपूर्ति मिल सके। विधायक डॉ. वाचस्पति ने कहा कि क्षेत्र की जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार शासन स्तर पर प्रयासरत हैं और जूही विद्युत उपकेंद्र का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।