BHADOHI NEWS: काशी नरेश विश्वविद्यालय, भदोही में जीवन को जीवविज्ञानी के दृष्टिकोण से समझना विषय पर एक अतिथि व्याख्यान आयोजित किया गया। इसमें वरिष्ठ वनस्पति वैज्ञानिक एवं काशी नरेश राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, ज्ञानपुर के पूर्व प्राचार्य प्रोफेसर पी. एन. डोंगरे मुख्य वक्ता रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संकायध्यक्ष प्रोफेसर रश्मि सिंह ने की, जबकि संचालन डॉ. रवि यादव ने किया। डॉ. गीता यादव ने मुख्य अतिथि प्रोफेसर डोंगरे का पुष्पगुच्छ और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। अपने व्याख्यान में प्रोफेसर डोंगरे ने कहा कि जीवविज्ञान केवल जीवों का अध्ययन नहीं है, बल्कि यह जीवन, प्रकृति और मानव अस्तित्व को वैज्ञानिक दृष्टि से समझने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने जैव विविधता संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन, अनुसंधान, नवाचार और सतत विकास में जीवविज्ञान की महत्वपूर्ण भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। प्रोफेसर डोंगरे ने विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच विकसित करने और शोध एवं नवाचार के माध्यम से समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।संकायध्यक्ष प्रोफेसर रश्मि सिंह ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि ऐसे व्याख्यान विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, अनुसंधान की भावना और नवाचार के प्रति रुचि विकसित करते हैं। कुलपति प्रोफेसर उमा श्रीवास्तव ने बताया कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के समग्र व्यक्तित्व विकास के लिए नियमित रूप से ऐसे अकादमिक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा। व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वैज्ञानिक विषयों पर उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे, जिनके उत्तर प्रोफेसर डोंगरे ने सरल और प्रेरक शैली में दिए। कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के शिक्षकगण, शोधार्थी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। अंत में डॉ. गीता यादव ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और विद्यार्थियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।







