Home उत्तर प्रदेश जिलाधिकारी ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा

जिलाधिकारी ने की जल जीवन मिशन के कार्यों की प्रगति की समीक्षा

जिलाधिकारी ने फर्मों को और लेबर बढ़ाकर कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश

KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने आज कार्यालय कक्ष में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने समीक्षा के दौरान ओवरहेड टैंक निर्माण, पाइपलाइन बिछाने, गृह संयोजन एवं पाइपलाइन बिछाने के दौरान क्षतिग्रस्त हुई सड़कों के मरम्मत कार्यों में अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अभियंता,जल निगम तथा फर्म जे.एम.सी. एवं बाबा जी.ए. इन्फ्रा. को और लेबर बढ़ाकर सभी कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि निर्धारित समय सीमा में परियोजनाएं पूर्ण हो सकें। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता,जल निगम को निर्देशित किया कि जिन गांवों में पेयजल आपूर्ति प्रारंभ हो चुकी है,वहां पाइपलाइन बिछाने के कारण क्षतिग्रस्त हुई सड़कों का मरम्मत कार्य शत-प्रतिशत प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराई जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि जहां सड़क मरम्मत का कार्य शेष है, वहां तब तक सड़कों को मोटरेबल बनाया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जल जीवन मिशन सरकार की अत्यंत महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजना है। इसके अंतर्गत सभी कार्य गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने एवं प्रगति की सतत निगरानी करने के  भी निर्देश दिए।