SIDHARTHNAGAR NEWS: शुक्रवार को बढ़नी कस्बा भीषण जाम की समस्या से जूझता नजर आया। शाम करीब 5 बजे पचपेड़वा तिराहे पर एनएच-730 पर लंबा जाम लग गया, जिससे कस्बे के लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि मरीज को लेकर जिले की ओर जा रही एक प्राइवेट एंबुलेंस भी कई घंटों तक जाम में फंसी रही। जाम का दायरा बस स्टॉप रेलवे क्रॉसिंग से लेकर ढेबरुआ रोड और पचपेड़वा रोड तक फैल गया। एनएच-730 के दोनों ओर करीब 2 से 3 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलने के लगभग आधे घंटे बाद प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और जाम खुलवाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन हालात सामान्य करने में कई घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन के कर्मचारी जाम हटाने में जुटे रहे। स्थानीय निवासी डॉक्टर महबूब आलम ने बताया कि पचपेड़वा तिराहे पर जाम लगना आम समस्या बन चुकी है। इसका मुख्य कारण सड़क किनारे खड़े ट्रक हैं। बस स्टॉप से लेकर ढेबरुआ रोड और पचपेड़वा रोड तक दर्जनों ट्रक बेतरतीब तरीके से खड़े रहते हैं, जिससे सड़क संकरी हो जाती है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार इस कारण दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी इस ओर पर्याप्त ध्यान नहीं दे रहे हैं। फिलहाल, जाम से परेशान कस्बे के लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी देखी जा रही है।







