JHANSI NEWSz: उत्तर प्रदेश फायर सर्विस एवं आपात सेवा द्वारा चलाए जा रहे अग्निशमन जागरूकता अभियान के अंतर्गत मंगलवार को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय, बरुआसागर में छात्र-छात्राओं के लिए अग्नि सुरक्षा एवं आपदा प्रबंधन पर विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को आग लगने की स्थिति में सतर्कता बरतने, प्राथमिक बचाव के उपाय अपनाने तथा आपदा के समय धैर्यपूर्वक कार्य करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम का आयोजन झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के निर्देश तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी राज किशोर राय के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ अग्नि सचेतक डॉ. सुश्री प्रगति शर्मा ने किया। इस अवसर पर एलएफएम जगत सिंह मुख्य अतिथि तथा विद्यालय के उपप्रधानाचार्य प्रभाकर प्रसाद पांडे अध्यक्ष के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आग लगने के विभिन्न कारणों, आग के प्रकार, अग्निशामक यंत्रों के सुरक्षित उपयोग तथा घरेलू गैस सिलेंडर में आग लगने की स्थिति में उसे सुरक्षित ढंग से नियंत्रित करने के तरीकों की जानकारी दी। केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं, बल्कि व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बच्चों को स्वयं सिलेंडर में लगी आग बुझाने का अभ्यास भी कराया गया, जिससे वे किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय सही निर्णय लेकर अपनी और दूसरों की सुरक्षा कर सकें। कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि आग, भूकंप या अन्य आपदाओं के समय संयम, सतर्कता और सही जानकारी ही सबसे बड़ा बचाव है। विशेषज्ञों ने कहा कि जागरूक नागरिक ही दुर्घटनाओं से होने वाले नुकसान को काफी हद तक कम कर सकते हैं। इस अवसर पर अग्नि सचेतक दीपशिखा शर्मा, फायरमैन जितेंद्र नायक, रमन बाबू, समाजसेवी संजीव नगरिया, गीता रानी, ऋचा श्रीवास्तव, अवधेश कुमार तथा दीपक गुप्ता सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संयुक्त संचालन डॉ. सुश्री प्रगति शर्मा एवं प्रवक्ता सुधीर गुप्ता ने किया, जबकि अंत में विद्यालय के उपप्रधानाचार्य प्रभाकर प्रसाद पांडे ने सभी अतिथियों एवं अग्निशमन विभाग की टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा देते हैं।
Home उत्तर प्रदेश जवाहर नवोदय विद्यालय में अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन का विशेष प्रशिक्षण, विद्यार्थियों...







