FATEHPUR NEWS: लगातार हो रही बारिश के चलते विजयीपुर ब्लॉक क्षेत्र की अमनी और गोदौरा ग्राम पंचायतों में जलभराव की स्थिति गंभीर बनी हुई है। गांवों के मुख्य रास्तों पर पानी भरने के साथ ही कई कच्चे मकान भी जलभराव के कारण क्षतिग्रस्त होकर गिर गए हैं। मामले की जानकारी मिलने पर मंगलवार को खागा विधायक एवं पशुधन एवं दुग्ध विकास राज्यमंत्री कृष्णा पासवान प्रभावित गांवों में पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया। राज्यमंत्री ने जलभराव से प्रभावित मुख्य मार्गों और क्षतिग्रस्त कच्चे मकानों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पीड़ित परिवारों को कपड़े, बर्तन और अन्य राहत सामग्री भी वितरित की गई। राज्यमंत्री ने कहा कि बारिश और जलभराव से हुए नुकसान का प्रशासन की ओर से आकलन कराया जा रहा है। रिपोर्ट के आधार पर प्रभावित परिवारों को शासन की ओर से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। कृष्णा पासवान ने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। किसी भी पीड़ित परिवार को अकेला नहीं छोड़ा जाएगा और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। ग्रामीणों ने राज्यमंत्री के समक्ष जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए मकानों के लिए शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग रखी। राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए ग्रामीणों को समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। निरीक्षण के दौरान एसडीएम अश्वनी पांडे, सीओ खागा, किशनपुर थाना प्रभारी मनीष कुमार सिंह, ग्राम पंचायत सचिव शिवनंदन सिंह, आकाश सिंह, राजस्व लेखपाल समेत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित लोग मौजूद रहे।







