MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से जय हिन्द मानवाधिकार एसोसिएशन मीरजापुर की लालगंज टीम द्वारा प्राथमिक विद्यालय एवं निजी विद्यालयों में “एक पेड़ माँ के नाम” के बैनर तले वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अभियान के अंतर्गत विद्यालय परिसरों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए। छात्रों एवं शिक्षकों को पर्यावरण के महत्व, वृक्षों की उपयोगिता एवं उनके संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। इस पूरे अभियान को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में जय हिन्द मानवाधिकार एसोसिएशन के पदाधिकारी शैलेंद्र बहादुर ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में लालगंज टीम ने विद्यालयों में जाकर पौधारोपण किया और बच्चों को पौधों की देखभाल करने का संकल्प दिलाया। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ एवं स्वस्थ रखने के लिए प्रत्येक नागरिक को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं एवं जय हिन्द मानवाधिकार एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।







