व्यवस्थाओं का लिया जायजा
KUSHINAGAR NEWS: जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर संजीव कुमार त्यागी के निर्देशन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कुशीनगर के तत्वावधान में आज सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भुवन ने पडरौना स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने वृद्धाश्रम में निवासरत वृद्धजनों से संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की। वृद्धाश्रम की प्रबंधक श्रीमती रज्जू राजा ने आश्रम की व्यवस्थाओं एवं वहां रह रहे वृद्धजनों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। सचिव भुवन ने सभी वृद्धजनों को राज्य सरकार द्वारा संचालित वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वृद्धाश्रम का प्रत्येक माह नियमित निरीक्षण किया जाएगा, जिससे यहां निवासरत वरिष्ठ नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने प्रबंधक को निर्देशित किया कि वृद्धाश्रम में किसी भी प्रकार की कमी न रहने पाए तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाएं। बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों के संभावित प्रसार को देखते हुए सचिव ने स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं आवश्यक एहतियाती उपायों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान वृद्धाश्रम में वृद्धजनों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की भी जांच की गई। जांच उपरांत भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई।








