Home उत्तर प्रदेश जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर होगी कठोर कार्रवाई :...

जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों पर होगी कठोर कार्रवाई : अपर जिलाधिकारी

KUSHINAGAR NEWS: अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०)  वैभव मिश्रा द्वारा जनगणना 2027 की समीक्षा के दौरान पाया गया कि कुछ ब्लॉकों / एच०एल०बी० में प्रगणकों द्वारा अभी तक कार्य प्रारम्भ नहीं किया गया है। इस संबंध में चार्ज अधिकारी, तहसीलदार एवं अधिशासी अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि कुछ प्रगणक एवं सुपरवाईजर द्वारा अभी तक ड्यूटी ज्वाइन नहीं की गई है तथा न ही कार्य प्रारम्भ किया गया है। इस पर अपर जिलाधिकारी (वि०/रा०) वैभव मिश्रा ने नाराजगी व्यक्त करते हुए समस्त तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनगणना कार्य हेतु नामित ऐसे प्रगणक एवं सुपरवाईजर, जो कार्यभार ग्रहण नहीं कर रहे हैं अथवा क्षेत्र में पूरी तन्मयता से कार्य नहीं कर रहे हैं, उन्हें चिन्हित करते हुए जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-11 के अंतर्गत प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज करायी जाए। निर्देशों के क्रम में तहसील तमकुहीराज में 05, नगर पालिका परिषद पडरौना में 02, नगर पंचायत रामकोला में 02, नगर पंचायत छितौनी में 02, नगर पंचायत हाटा में 03, नगर पंचायत सुकरौली में 02 तथा तहसील खड्डा में 02 जनगणना कार्मिकों के विरुद्ध जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा-11 के तहत कार्यवाही की गई है। उक्त अधिनियम के अंतर्गत दोषी पाए जाने पर ₹1000 तक के जुर्माने एवं तीन वर्ष तक के कारावास का प्रावधान है। साथ ही समस्त तहसीलदारों एवं अधिशासी अधिकारियों को ऐसे प्रकरणों की नियमित रिपोर्ट उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया गया है।