PRATAPGARH NEWS: सांगीपुर क्षेत्र के ओरीपुर नौगीर गांव में शुक्रवार को चकबंदी विभाग द्वारा जनचौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में पन्चान्वें मुकदमों की सुनवाई भी हुई। इसके तहत आपसी सुलह समझौते से चक सम्बन्धी विवादों से जुड़े पचीस मुकदमों का निस्तारण भी हुआ। चकबंदी अधिकारी अविनाश पाण्डेय ने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर जन चौपाल के जरिए चकबंदी से जुड़े विवादों को आपसी सहमति से निपटाये जाने में प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं उन्होने ग्रामीणों को चकबंदी से होने वाले कृषि क्षेत्र से जुडे लाभों से भी अवगत कराया। उन्होने कहा कि चकबंदी के दौरान सार्वजनिक मार्ग, खेल कूद, मैदान व पौधरोपण आदि की भूमि को ग्रामसभा के पक्ष में सुरक्षित किया जाना प्राथमिकता पर है। इस मौके पर चकबंदीकर्ता क्षेत्रपाल सिंह, लेखपाल अमरेन्द्र पाण्डेय, विनोद सिंह, अभिषेक शुक्ल, राजेन्द्र मिश्र, अनिल मिश्र आदि रहे। चकबंदी समिति के अध्यक्ष संजय यादव ने किसानों का स्वागत तथा तीर्थराज ओझा ने आभार जताया।







