MIRZAPUR NEWS: सूखी खांसी की दवा की आड़ में चल रहे नशे के बड़े कारोबार का खुलासा करते हुए उत्तर प्रदेश एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) की लखनऊ यूनिट ने कटरा कोतवाली क्षेत्र के ककरहवा (लोहंदी रोड) स्थित एसएस मेडिकल एजेंसी पर छापा मारकर 1.6 करोड़ रुपये कीमत की 13,074 शीशी कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद की। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि एजेंसी संचालक समेत दो आरोपी फरार हो गए। ANTF टीम ने मंगलवार को ग्राहक बनकर मेडिकल एजेंसी पर पहुंचकर पहले पूरी जानकारी जुटाई। पुष्टि होने के बाद अचानक छापा मार दिया। गोदाम से 109 पेटियों में रखी ONEREX ब्रांड की कोडीन युक्त कफ सिरप बरामद हुई। मौके से वाराणसी निवासी अजय कुमार यादव उर्फ अजीत को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक चार पहिया वाहन, बाइक, आईफोन और 450 रुपये नकद बरामद किए गए। एजेंसी संचालक सुधांशु चौरसिया समेत दो अन्य आरोपियों के खिलाफ कटरा कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
अधिकारियों के अनुसार, कोडीन युक्त कफ सिरप का इस्तेमाल युवाओं में नशे के रूप में तेजी से बढ़ रहा है। इसकी सप्लाई यूपी के साथ-साथ पड़ोसी राज्यों और नेपाल-बांग्लादेश तक की जा रही थी। ANTF का मानना है कि यह एक बड़े नेटवर्क का हिस्सा है और आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि नशे के कारोबारियों तक पहुंचने के लिए टीम लगातार नई रणनीति अपना रही है। ग्राहक बनकर की गई यह कार्रवाई उसी अभियान का हिस्सा है।
मिर्जापुर पुलिस और ANTF की संयुक्त टीम मामले की जांच में जुटी है। आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा छापेमारी हो सकती है।







