Home उत्तर प्रदेश ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी कर कीमती जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित परिवार...

ग्राम प्रधान पर धोखाधड़ी कर कीमती जमीन हड़पने का आरोप, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

FATEHPUR NEWS: जनपद के थाना थरियांव क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सलेमपुर में एक परिवार ने ग्राम प्रधान पर कथित रूप से धोखाधड़ी कर उनकी कीमती भूमि हड़पने का आरोप लगाया है। पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्हें सरकारी कॉलोनी दिलाने का झांसा देकर दस्तावेजों पर अंगूठा लगवाया गया और बाद में उसी के आधार पर उनकी भूमि का बैनामा करा दिया गया। मामले की जानकारी होने पर पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित घुरवा पुत्र बुधई निवासी ग्राम सलेमपुर के अनुसार, गाटा संख्या 678 मि., रकबा 0.2110 हेक्टेयर भूमि के सह-स्वामी वह स्वयं, उसका भाई दसुवा तथा उनकी माता मैकीवा हैं। उनका आरोप है कि गांव के वर्तमान ग्राम प्रधान सुल्तान खान काफी समय से इस भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 10 फरवरी 2025 को गाटा संख्या 678 मि. में से 0.0510 हेक्टेयर भूमि का बैनामा कथित रूप से बहला-फुसलाकर रामदीन पुत्र झुरिया, निवासी सदियापुर, ब्लॉक हथगांव के नाम करा दिया गया। परिवार का कहना है कि उन्हें प्रधानमंत्री आवास अथवा कॉलोनी दिलाने की बात कहकर तहसील खागा ले जाया गया, जहां बिना पूरी जानकारी दिए उनसे दस्तावेजों पर अंगूठा लगवा लिया गया। परिवार के अनुसार, इस कथित बैनामे की जानकारी उन्हें तब हुई जब वर्ष 2026 में रामदीन संबंधित भूमि पर नींव खोदकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कराने पहुंचे। इसके बाद उन्होंने तहसील से दस्तावेजों की प्रति निकलवाई, तब उन्हें पता चला कि उनकी भूमि का बैनामा हो चुका है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि बैनामे में भूमि की चौहद्दी भी गलत अंकित की गई है और पूरी प्रक्रिया कथित रूप से साजिश एवं सांठगांठ के तहत पूरी की गई। उनका कहना है कि संबंधित भूमि मुख्य सड़क पर स्थित है, जिसकी बाजार कीमत काफी अधिक है। आरोप है कि बिना वास्तविक लेन-देन के फर्जी तरीके से दस्तावेज तैयार कर भूमि हड़पने का प्रयास किया गया है। घुरवा की पत्नी सावित्री ने आरोप लगाया कि उनके पति का मानसिक संतुलन ठीक नहीं है और इसी स्थिति का लाभ उठाकर उनसे दस्तावेजों पर अंगूठा लगवा लिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ग्राम प्रधान लगातार उनके परिवार के साथ गाली-गलौज करते हैं और जान से मारने की धमकी देते हैं। वहीं घुरवा के भाई दसुवा ने बताया कि मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है, लेकिन अभी तक उन्हें मामले की स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करते हुए न्याय दिलाने की मांग की है।