FATEHPUR NEWS: विजयीपुर विकासखंड के मदद अलीपुर मजरे रामपुर से थुरियानी-भसरौल कैनाल मार्ग तक जाने वाली करीब 5.5 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य में तेजी आने से ग्रामीणों में खुशी है। करीब चार दशक से बदहाल इस मार्ग के निर्माण के लिए क्षेत्रवासियों ने लंबे समय तक संघर्ष किया। धरना-प्रदर्शन और लगातार मांग के बाद आखिरकार सड़क निर्माण की स्वीकृति मिली। ग्रामीणों और संघर्ष सड़क समिति के संरक्षक धर्मेंद्र दीक्षित के प्रयासों के बाद इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृति मिली। ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से सड़क निर्माण के लिए 549.88 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण की जिम्मेदारी ग्रामीण अभियंत्रण विभाग, फतेहपुर को दी गई है और कार्य जीबी बिरहाना कंपनी द्वारा कराया जा रहा है। निर्माण कार्य शुरू होने के बाद इसकी गति धीमी होने पर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई थी। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से शिकायत करते हुए कार्य में तेजी लाने की मांग की। इसके बाद विभाग की ओर से निर्माण कार्य में तेजी लाई गई है। ग्रामीणों के अनुसार, वर्षों से सड़क की हालत खराब होने के कारण आवागमन में काफी परेशानी होती थी। बरसात के दिनों में सड़क पर कीचड़ और पानी भर जाने से पैदल निकलना भी मुश्किल हो जाता था। किसानों को खेतों तक पहुंचने, बच्चों को स्कूल जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता था। खराब सड़क के कारण कई बार दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। अब सड़क निर्माण में तेजी आने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की उम्मीद जगी है। क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण तरीके से और समय सीमा के भीतर पूरा कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क का निर्माण उनके वर्षों पुराने संघर्ष का परिणाम है और इससे क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।







