Home उत्तर प्रदेश गोविंदपुर में धान बीज वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

गोविंदपुर में धान बीज वितरण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न

KAUSHAMBI NEWS: विकास खण्ड नेवादा के गोविंदपुर मॉडल गांव में बुधवार को खरीफ फसल प्रदर्शन कार्यक्रम के अंतर्गत धान की उन्नत संकर प्रजाति DRH-8336 का बीज वितरण एवं वैज्ञानिक खेती की तकनीकों पर कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन कृषि विज्ञान केंद्र द्वारा किया गया। कार्यक्रम में डा. अजय कुमार, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष, कृषि विज्ञान केंद्र, कौशांबी ने किसानों को धान की उन्नत खेती, गुणवत्तायुक्त बीज के महत्व तथा अधिक उत्पादन प्राप्त करने हेतु वैज्ञानिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी। उन्होंने किसानों को समय पर नर्सरी प्रबंधन, संतुलित उर्वरक प्रयोग तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के उपायों के बारे में विस्तार से बताया। डा. मनोज कुमार सिंह, मृदा वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केंद्र, कौशांबी ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, मृदा परीक्षण के महत्व, जैविक एवं रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग तथा खेत बचाओ अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने से उत्पादन लागत कम होती है तथा भूमि की उर्वरा शक्ति बनी रहती है। कार्यक्रम के दौरान 20 किसानों को धान प्रजाति DRH-8336 के बीज का वितरण किया गया तथा इसकी उन्नत उत्पादन तकनीक, नर्सरी प्रबंधन, रोपाई एवं फसल संरक्षण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। इस अवसर पर प्रदीप कुमार, एस.आर.एफ. सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे तथा वैज्ञानिकों से खेती संबंधी समस्याओं पर चर्चा कर समाधान प्राप्त किया। किसानों ने कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिको से धान की सीधी बिजाई, माटी की उर्वरता बढाने मे जिप्सम के महत्व आदि विषयक प्रश्न पूछे।प्रगतिशील कृषक उद्यौ सिंह ने अपने जैविक खेती के अनुभव साझा किये।