विधायकों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने संतों का माल्यार्पण कर लिया आशीर्वाद, शाम को आरती-दीपोत्सव का भी हुआ आयोजन
FATEHPUR NEWS: गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के तत्वावधान में जनपद के एक सैकड़ा से अधिक मठ-मंदिरों एवं सिद्धपीठों में साधु-संत सम्मान एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह से ही पार्टी के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न धार्मिक स्थलों पर पहुंचकर साधु-संतों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। जिला मुख्यालय स्थित राधा वाटिका में अयाह शाह विधायक विकास गुप्ता ने बड़ी संख्या में उपस्थित साधु-संतों का कार्यकर्ताओं के साथ सम्मान किया। वहीं किशनपुर स्थित फाल्गुनगिरि तपोस्थली, सत्ती मां मंदिर, त्रिलोचनपुर तथा कबरहा हनुमान मंदिर में राज्यमंत्री कृष्णा पासवान ने साधु-संतों की सेवा कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने बांके बिहारी मंदिर एवं भिटौरा स्थित ओम घाट पहुंचकर संतों और पुजारियों का सम्मान किया तथा गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रकाश डाला। भाजपा के जिला मीडिया प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के निर्देशानुसार जनपद के सभी मंडलों में स्थित मठ-मंदिरों और सिद्धपीठों पर साधु-संतों एवं पुजारियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किए गए। उन्होंने बताया कि दिनभर चले आयोजनों के साथ सायंकाल आरती, कीर्तन एवं दीपोत्सव का भी आयोजन किया गया। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति में गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का पर्व है तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने इसी भावना के साथ जिलेभर में सेवा और सम्मान के कार्यक्रम संपन्न किए।







