Home उत्तर प्रदेश खेल दिवस की पूर्व संध्या पर महान तैराकों का हुआ सम्मान

खेल दिवस की पूर्व संध्या पर महान तैराकों का हुआ सम्मान

अभिनंदन ग्रंथ समिति ने खिलाड़ियों को अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर बढ़ाया उत्साह
JHANSI NEWS: राष्ट्रीय खेल दिवस की पूर्व संध्या पर विचार क्रांति अभियान अभिनंदन ग्रंथ समिति, झांसी के तत्वावधान में महान तैराकों एवं खेल प्रतिभाओं का अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष मैथिलीशरण मुदगिल की उपस्थिति में खिलाड़ियों को अंगवस्त्र पहनाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में मुख्य प्रशिक्षण स्थल ध्यानचंद स्टेडियम से जुड़े तैराक रामबाबू वारी, रामराज सिंह यादव, अंतरराष्ट्रीय एथलीट एवं रेल अधिकारी मिश्रीलाल, चंदन यादव तथा करुणेश श्रीवास्तव सहित अन्य खेल प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और लगन समाज के युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण और देश का गौरव बढ़ाने का महत्वपूर्ण साधन भी है। इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने तैराकों एवं खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में ओम प्रकाश तिवारी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का संचालन नवयुग स्पोर्ट्स एकेडमी के मुख्य प्रबंधक एवं खेलप्रेमी तैराक जनाब मंजर अली ने किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। समिति की ओर से बताया गया कि खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी किए जाते रहेंगे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अतिथियों को जलपान एवं साहित्य प्रदान कर सम्मानित किया गया।