पचेड़ा गांव में हुआ हादसा, ग्रामीणों ने मशक्कत कर चालक को निकाला
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के पचेड़ा गांव में शुक्रवार को दोपहर एक बजे के करीब खेत की जुताई कर रहा एक ट्रैक्टर खेत में ही फस गया। जिसके बाद चालक ने चैन में लकड़ी का गुटका लगाकर ट्रैक्टर को निकालना चाहा। लेकिन ट्रैक्टर का अगला हिस्सा उठा और पूरी तरह से पीछे जाकर कल्टीवेटर पर पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर कि हाइड्रोलिक टूट गई। हादसे में कल्टीवेटर और सीट के बीच में चालक फस गया। हादसा होते देख आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत कर चालक को बाहर निकाला। ट्रैक्टर चालक विक्रम प्रसाद पुत्र सियाराम निवासी पचेड़ा थाना कोरांव के सीने व शरीर के कुछ अन्य भागों पर आंशिक रूप से चोटें आई हैं। जिन्हें एक निजी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। आसपास के ग्रामीण समय से न पहुंचे तो चालक की जान भी जा सकती थी। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर जिस खेत की जुताई कर रहा था उसमें कीचड़ था पानी न होने के कारण ट्रैक्टर काफी धंस गया और चालक जबरन ट्रैक्टर को निकालने की कोशिश करने लगा। जिसके बाद यह हादसा हुआ। हादसा के बाद ट्रैक्टर चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। तब एक और दूसरा ट्रैक्टर मंगवा कर टोचन के जरिए खेत में फंसे ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया। ट्रैक्टर को पलटने से ट्रैक्टर में भी काफी नुकसान हुआ है।







