खराब फ्रीजर व वाटर कूलर दुरुस्त कराने के निर्देश, लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी
SIDHARTHNAGAR NEWS: राष्ट्रीय ओरल हेल्थ कार्यक्रम के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुनियावं में आयोजित बृहद मुख एवं दंत रोग चिकित्सा शिविर का जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का जायजा लिया, जहां मरीजों के मुख व दंत रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही थी। इस दौरान कुल 174 मरीजों का पंजीकरण हुआ, जिसमें तंबाकू व गुटखा सेवन करने वाले दो मरीजों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। शिविर में आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, वजन, मधुमेह व ब्लड प्रेशर की जांच भी की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और किसी प्रकार की लापरवाही न हो। इसके बाद जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर लेबर रूम, दवा वितरण कक्ष, लैब व वैक्सीन भंडारण कक्ष का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से बातचीत कर सुविधाओं की जानकारी ली और प्रतिदिन बेडशीट बदलने के निर्देश दिए। निरीक्षण में वैक्सीन भंडारण कक्ष के तीन फ्रीजर में से एक खराब मिला, जिसे ठीक कराने व नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए गए। वहीं परिसर में लगा वाटर कूलर भी खराब मिला, जिसे तत्काल दुरुस्त कराने को कहा गया। डीएम ने कार्य में लापरवाही बरतने वाली आशा कार्यकर्ताओं पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर एमओआईसी ने बताया कि दो आशा कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किया गया है। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।







