500 से अधिक की आबादी वाली बस्ती में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं लोग, नगर पंचायत कार्यालय के चक्कर काट रहे लोग
LAL GOPALGANJ/PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत के खानजहानपुर स्थित नई बस्ती के बाशिंदे बुनियादी सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। मोहल्ले में न तो बिजली की सुरक्षित आपूर्ति की व्यवस्था है, और न ही जल निकासी का कोई पुख्ता इंतजाम। हालत यह है कि सड़कों, नालियों का आधा-अधूरा निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन पानी की निकासी न होने से पूरे मोहल्ले में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। लगातार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का संज्ञान नहीं ले रहे हैं। खानजहानपुर की नई बस्ती में 500 से अधिक लोगों की आबादी निवास करती है। विकास के दावों के उलट इस पूरी बस्ती में बिजली की सप्लाई जर्जर तारों और लकड़ी की बल्लियों के सहारे हो रही है, जिससे हर वक्त बड़े हादसे का डर बना रहता है। लोगों का कहना है कि हल्की हवा या बारिश में भी यहां का बिजली ढांचा चरमरा जाता है। इसके अलावा जलभराव यहां की सबसे बड़ी मुसीबत बन चुका है। मोहल्ले में नाली और सड़क तो बनी हैं, लेकिन पानी निकासी का कोई समुचित जरिया नहीं बनाया गया। नतीजा यह है कि घरों से निकलने वाला गंदा पानी घरों के आसपास ही जमा हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच इस गंदे पानी से उठने वाली दुर्गंध ने स्थानीय लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मोहल्ले वासियों को डर है कि इस दूषित माहौल के कारण क्षेत्र में कोई गंभीर बीमारी न फैल जाए। एडवोकेट शमशेर अंसारी, अब्दुल जव्वार, जुनैद उल्लाह फारूकी, सैयद मो0 मीजान, सलीम अंसारी, इम्तियाज अहमद, फैसल, कफील फारूकी, मो0 अनवर, सद्दाम रंगरेज, अहमद मिस्त्री, शमी उद्दीन, निजाम उद्दीन, इसराईल शाह, कमरुद्दीन, मुमताज अहमद, हाफिज मोहम्मद नूर ने बताया कि समस्या को लेकर वे लगातार नगर पंचायत कार्यालय के चक्कर काट रहे हैं। वहां से हर बार जल्द समाधान का आश्वासन तो मिलता है, लेकिन धरातल पर कोई कार्रवाई नहीं होती। विभाग की इस लापरवाही के कारण पूरी बस्ती बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है।







