Home उत्तर प्रदेश खाद गड्ढे की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम...

खाद गड्ढे की जमीन पर अवैध निर्माण का आरोप, ग्रामीणों ने डीएम से लगाई कार्रवाई की गुहार

FATEHPUR NEWS: थाना गाजीपुर क्षेत्र के ग्राम शाह अयाह निवासी हरिओम एवं अन्य ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर खाद गड्ढे की भूमि पर कथित अवैध निर्माण कराए जाने की शिकायत की है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण कार्य तत्काल रुकवाने तथा संबंधित लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। शिकायतकर्ता हरिओम ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी प्रशासन को सूचना दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि खाद गड्ढे के लिए दर्ज भूमि पर कुछ लोग जबरन पक्के पिलर खड़े कर मकान निर्माण का कार्य करा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार संबंधित भूमि खाता संख्या 3248, रकबा 0.0729 हेक्टेयर में दर्ज है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा राजस्व अभिलेखों की अनदेखी करते हुए निर्माण कराया जा रहा है। शिकायतकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि मामले में स्थानीय स्तर पर सांठगांठ के चलते कार्रवाई नहीं हो रही है। पीड़ितों का कहना है कि जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया तो उनके साथ गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने और विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवाने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में हरिओम, संदीप कुमार, कुलदीप कुमार, श्रीचंद, राकेश, छोटे, सौरभ, विपिन कुमार, राजू, सुरेन्द्र, रामगोपाल, मेवालाल, सीताराम, उषा, रिंकू, जितेन्द्र, हरिश्चन्द्र, राजकुमार, रामकिशोर, रामपाल, हीरालाल, सावित्री सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।