छठ पूजा समिति के लोगों ने चेयरमैन से की शिकायत, ठेकेदार पर मनमानी का आरोप, काम बंद कराने की गुहार
PRAYAGRAJ NEWS: नगर पंचायत कोरांव के अटल सरोवर पर छठ पूजा घाट के निर्माण में घटिया सामग्री लगाने की शिकायत छठ पूजा समिति के लोगों ने नगर पंचायत अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी से शुक्रवार को शाम 6 बजे के करीब उस समय दर्ज कराई जब ठेकेदार स्थानीय नदियों की बालू लोकल सीमेंट और घटिया किस्म की सरिया के साथ छठ घाट निर्माण स्थल पर पहुंचा और उसकी ढलाई शुरू कराने के लिए मशीन व श्रमिक आदि बुला लिया। तब छठ पूजा समिति के लोगों ने लोकल नदियों की बालू एवं घाटिया सीमेंट देखकर काम रोकने लगे। लेकिन ठेकेदार मनमानी पर आमादा रहा। मामले की शिकायत शुक्रवार को शाम 6 बजे के करीब नगर पंचायत अध्यक्ष से की गई। नगर पंचायत कोरांव के रहने वाले डॉ संतोष मौर्य, पृथ्वीराज गुप्ता, डॉ शिवजी, पवन केसरी, सौरभ सोनी, शिवम सोनी आदि ने बताया कि एक करोड़ 22 लाख रुपए छठ पूजा घाट के निर्माण हेतु शासन से स्वीकृत हुए हैं। जिसमें 43 मी लंबा छठ घाट बनाया जाना था। लेकिन महज 33 मीटर लंबाई में ही छठ घाट निर्माण कार्य कराया जा रहा है। ऐसे में जहां घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है। वही लंबाई चौड़ाई के मानक में भी कटौती ठेकेदार के द्वारा की जा रही है। जिससे छठ पूजा समिति के लोगों में आक्रोश व्याप्त है। छठ पूजा समिति के लोगों ने ठेकेदार से अच्छे किस्म की बालू और सीमेंट लाकर घाट का निर्माण कार्य कराने की मांग की है। छठ पूजा समिति के लोगों ने यह भी कहा है कि अगर नगर पंचायत प्रशासन के द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो ठेकेदार मनमानी तरीके से शुक्रवार देर रात तक ही घाट निर्माण कार्य की ढलाई कर देगा जो बहुत जल्द ही टूट कर क्षतिग्रस्त हो जाएगा। मामले को लेकर शुक्रवार को शाम 6:30 बजे के करीब अधिशासी अधिकारी अमित कुमार से बात की गई तो उन्होंने कहा कि सीएनडीसी संस्था के द्वारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है। अगर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री का प्रयोग किया जा रहा है तो मैं तुरंत इसकी जांच करा कर वैधानिक कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य को रोकने का काम करूंगा।







