Home आस्था केदारनाथ के दर्शन कर कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता के प्रति श्रद्धालुओं ने...

केदारनाथ के दर्शन कर कैबिनेट मंत्री नंदगोपाल गुप्ता के प्रति श्रद्धालुओं ने जताया आत्मिक आभार

KAUSHAMBI NEWS: जनपद कौशांबी से चारधाम यात्रा पर निकला श्रद्धालुओं का दल रविवार की शाम पवित्र केदारनाथ धाम पहुंचा, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा भोलेनाथ के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र, समाज एवं देश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। हिमालय की वादियों में स्थित बाबा केदारनाथ धाम में दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला। “हर हर महादेव” के जयकारों से पूरा धाम भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना कर परिवार की मंगलकामना के साथ जनकल्याण की प्रार्थना की। श्रद्धालु दल में मनौरी निवासी मनोज कुमार केसरवानी नंदी, राजभूषण केसरवानी मुन्ना, मनोज केसरवानी पटेल, जितेंद्र केसरवानी, राजेश केसरवानी, पिंटू केसरवानी व टेढ़ीमोड़ निवासी बीरेंद्र केसरवानी अपने-अपने परिवार के साथ शामिल हैं।
श्रद्धालुओं ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी के सहयोग से उन्हें केदारनाथ धाम में दर्शन व विशेष पूजा-अर्चना की व्यवस्था प्राप्त हुई। मंत्री द्वारा हेलीकॉप्टर व्यवस्था व पूजा संबंधी सहयोग मिलने पर श्रद्धालुओं ने उनके प्रति आभार प्रकट किया। श्रद्धालुओं ने कहा कि बाबा केदारनाथ के दिव्य दर्शन से उन्हें आत्मिक शांति व नई ऊर्जा की अनुभूति हुई है। यात्रा दल का संचालन कर रहे मनोज केसरवानी ने बताया कि चारधाम यात्रा सनातन आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड के पवित्र धामों में दर्शन करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
उन्होंने बताया कि केदारनाथ धाम पहुंचने से पूर्व श्रद्धालुओं ने यमुनोत्री एवं गंगोत्री धाम में दर्शन कर मां यमुना और मां गंगा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की थी तथा जनकल्याण और विश्व शांति की कामना की थी। केदारनाथ धाम के दर्शन के बाद अब श्रद्धालुओं का दल बदरीनाथ धाम के लिए रवाना हो गया है। यात्रा आगामी 28 मई को पूर्ण होगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षित एवं मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए क्षेत्रवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।