KUSHINAGAR NEWS: “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ रविवार को कसया तहसील स्थित कुकुत्था नदी के तट पर हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने किया। इस अवसर पर सांसद विजय कुमार दुबे, विधायक पी.एन. पाठक, विनय कुमार गोंड, सुरेन्द्र कुशवाहा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि, बीज विकास निगम सदस्य श्री राजेश्वर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सुनीता शाही, मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव, डीएफओ वरुण सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। राज्य मंत्री ने कहा कि धरती को हरा-भरा बनाना हमारा नैतिक दायित्व है। पौधरोपण से पर्यावरण संरक्षण और जलवायु संतुलन होगा। आज लगाए जाने वाले पौधे भविष्य में जीवनदायिनी भूमिका निभाएंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार के 35 करोड़ पौधरोपण अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों से समयबद्ध लक्ष्य पूर्ण करने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रधान, शिक्षक, स्वयं सहायता समूह, बीडीसी, चिकित्सक और विभिन्न विभागों को अभियान से जोड़ा गया है। वन विभाग द्वारा पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। राज्य मंत्री ने ग्राम पंचायतों, विद्यालयों, अस्पतालों, अमृत सरोवरों और सरकारी परिसरों में अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। मंत्री ने कहा कि वृक्ष किसानों के लिए आय का स्रोत भी हैं। अनेक प्रजातियां 10-20 साल में अच्छा आर्थिक लाभ देती हैं। उन्होंने किसानों से खेत-मेड़ों पर पौधे लगाने और जन्मदिन, विवाह जैसे शुभ अवसरों पर “एक पेड़ माँ के नाम” लगाने का संकल्प लेने को कहा। वन विभाग सहित विभिन्न राजकीय विभागों के समन्वित प्रयासों से जनपद को 45 लाख पौधरोपण का लक्ष्य मिला है, जिसे आज सायंकाल तक पूरा कर लिया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में सभी ने सामूहिक पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।







