PRAYAGRAJ NEWS: अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा, घूरपुर, प्रयागराज के सदस्यों ने 1 मई, शुक्रवार को मजदूर दिवस के अवसर पर घूरपुर बाजार में एक रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने सरकार से नोएडा में गिरफ्तार मजदूरों की रिहाई, न्यूनतम
वेतन लागू करने और चार लेबर कोड वापस लेने सहित कई प्रमुख मांगें कीं। रैली शाम 5 बजे शुरू हुई।सभा ने मांग की कि सरकार नोएडा में गिरफ्तार किए गए सभी मजदूरों को तुरंत रिहा करे और उन पर दर्ज सभी मुकदमे वापस ले। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा पूरे प्रदेश के लिए घोषित आउटसोर्सिंग कर्मचारियों का न्यूनतम वेतन 18,000 रुपये तत्काल लागू किया जाए। संगठन ने चार लेबर कोड को भी रद्द करने की मांग दोहराई।रैली में स्मार्ट मीटर हटाने, बिजली बिल 2025 रद्द करने,सभी उपभोक्ताओं को 300 यूनिट और नलकूपों के लिए पूरी बिजली मुफ्त देने की मांग भी उठाई गई। मनरेगा को बहाल कर साल में 200 दिन काम और 600 रुपये प्रतिदिन की मजदूरी देने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई।
प्रदर्शनकारी अपने हाथों में विभिन्न मांगों से संबंधित स्लोगन लिखे बैनर और पोस्टर लिए हुए थे। उन्होंने सरकार विरोधी नारे लगाए और अपनी मांगों का एक ज्ञापन घूरपुर थाना प्रभारी दिनेश सिंह को सौंपा। सभा ने थाना प्रभारी से अपील की कि वे उनकी मांगों को सरकार तक पहुंचाएं। इस रैली में अखिल भारतीय किसान मजदूर सभा के जिला सचिव राजकुमार पथिक, कामरेड विनोद सैलानी और सुरेश बीडीसी सहित दर्जनों सदस्य शामिल रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए घूरपुर थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद थे।








